TTN डेस्क
मुंबई/मनोरंजन डेस्क। जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन के बीच फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ और बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में आमिर खान ने बयान दिया था कि फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ से पहले वह सोनम वांगचुक को नहीं जानते थे और न ही उनका किरदार उनसे प्रेरित था। लेकिन अब सोनम वांगचुक का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने आमिर के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में सोनम वांगचुक बता रहे हैं कि साल 2008 में मुंबई के एक इवेंट के दौरान उनकी मुलाकात आमिर खान से हुई थी। सोनम ने आमिर को सियाचिन मुद्दे पर फिल्म बनाने का आइडिया भी दिया था। वीडियो में आमिर खान, सोनम की प्रेजेंटेशन देखने के बाद उनके लिए तालियां बजाते भी नजर आ रहे हैं।
”अप्रैल 2008 में हमारी मुलाकात हुई थी, जब फिल्म की कहानी फाइनल हो रही थी। इसके बाद साल 2009 में जब फिल्म रिलीज हुई, तो मुझे दोस्तों ने बताया कि फिल्म में मेरा स्कूल और मेरी कहानी दिखाई गई है। फिल्म का क्रू भी शूटिंग के लिए हमारे स्कूल आया था। अब जनता खुद तय करे कि इस फिल्म से मेरा कितना रिश्ता है।”
— वायरल वीडियो में सोनम वांगचुक

उल्लेखनीय है कि ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ साल 2009 में रिलीज हुई थी, जिसमें आमिर खान ने ‘फुंसुख वांगडू’ का किरदार निभाया था। इस पुराने वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग आमिर खान को ट्रोल कर रहे हैं और उन पर झूठ बोलने का आरोप लगा रहे हैं।


