
TTN डेस्क
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के मीरा रिजॉर्ट में शुक्रवार की रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए बहुचर्चित हत्याकांड के मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात दीपका क्षेत्र के कुछ युवक विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच विवाद हो गया। रिजॉर्ट के बाहर सड़क पर विवाद बढ़ने पर आरोपी तुषार ने गुस्से में आकर अपनी तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर उज्ज्वल पर चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस की तकनीकी जांच और दबिश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

