TTN डेस्क
कोरबा । कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्री रोड स्थित रामसागर पारा से एक बेहद सनसनीखेज और दुखद घटना सामने आई है। रविवार देर रात मामूली आपसी विवाद ने एक खौफनाक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
🔹 क्या है पूरा मामला?
मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 8-10 दिन पहले मोहल्ले के ही एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए रविवार शाम एक युवक अपने 8-10 साथियों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर रामसागर पारा पहुंचा। आरोपियों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे पीड़ित युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
🔹 रंजिश किसी और से… जान गई किसी और की!
इस पूरी वारदात में सबसे चौंकाने वाली और दुखद बात यह सामने आ रही है कि जिस युवक की जान गई है, उसका इस विवाद से शायद कोई लेना-देना ही नहीं था। हमलावर मारने किसी और को आए थे, लेकिन निशाने पर कोई और बेकसूर आ गया। पुरानी रंजिश के इस खूनी खेल में एक निर्दोष को अपनी जान गंवानी पड़ी।
🔹 वारदात के बाद लाठी लहराते भागे आरोपी
दुस्साहस ऐसा कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक सरेआम लाठियां लहराते हुए दर्री रोड से पावर हाउस रोड की तरफ भागते नजर आए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
🔹 आक्रोशित परिजनों ने घेरा कोतवाली थाना, SP पहुंचे मौके पर
इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भारी आक्रोश फैल गया है। घटना से गुस्साए मृतक के परिजन और बस्तीवासी बड़ी संख्या में कोतवाली थाना पहुंचे और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी तुरंत कोतवाली और घटनास्थल पहुंचे। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल रामसागर पारा में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस अधिकारी लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की धर-पकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

