TTN डेस्क
कोरबा। जिले में एसईसीएल के प्रतिष्ठानों और सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए नकाबपोश बदमाशों ने शनिवार की देर रात बलगी विद्युत सब-स्टेशन में डकैती की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। हथियारों से लैस 15 से 20 डकैतों ने ऑन-ड्यूटी सुरक्षा गार्ड को लहूलुहान कर दिया और सब-स्टेशन से चोरी का सामान समेटकर आसानी से फरार हो गए।
0 11:10 बजे बोला धावा, ताबड़तोड़ हमला
घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि शनिवार रात करीब 11:10 बजे वे सब-स्टेशन परिसर में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। उसी दौरान 15 से 20 की संख्या में घुसे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। डकैतों के हाथों में डंडे, चाकू और लोहे की रॉड थी। परिसर में दाखिल होते ही उन्होंने बिना कोई बात किए संजय कुमार पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
0 सिर और हाथ में गंभीर चोटें, अस्पताल में भर्ती
अचानक हुए इस हमले में संजय कुमार ने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन हथियारबंद बदमाशों ने उनकी बर्बरतापूर्वक पिटाई कर दी। हमले में उनके सिर और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। बदमाशों के भागने के बाद लहूलुहान अवस्था में गार्ड ने किसी तरह अपने सहकर्मियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अकेले ड्यूटी पर सुरक्षा प्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
इस वारदात ने एसईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। घायल गार्ड के अनुसार, सब-स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थान पर अक्सर उन्हें अकेले ही ड्यूटी पर तैनात रखा जाता है। पूर्व में भी यहाँ चोरी के प्रयास हो चुके हैं। कुछ समय पूर्व सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई थी, लेकिन बाद में उन्हें अचानक हटा लिया गया। हाल ही में सुराकछार खदान क्षेत्र में भी चोरी की वारदात सामने आई थी, जिससे सुरक्षा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं।
0 सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि डकैतों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


