फोटो सांकेतिक (AI निर्मित)
00 सब-स्टेशन के पीछे खेत में काम के दौरान हुआ हादसा; बहोरन, लक्ष्मी चंद और श्याम साहू की गई जान
TTN डेस्क
कटघोरा/छुरी। शनिवार को कटघोरा थाना अंतर्गत छुरी का सलोरा बकरा बाजार इलाका भीषण हादसे का गवाह बना, जहां प्रकृति के प्रकोप ने तीन परिवारों की खुशियां पल भर में छीन लीं। खेत में धान रोपाई का काम कर रहे तीन मजदूरों पर अचानक आकाशीय बिजली टूट पड़ी, जिससे तीनों की मौके पर ही जान चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण रोज की तरह धान रोपाई में व्यस्त थे। इसी बीच अचानक काले बादल छाए और कड़कड़ाती आवाज के साथ खेत की मेड़ पर गाज आ गिरी। जब तक कोई संभल पाता, बिजली की सीधी ज़द में आने से छुरी निवासी बहोरन पाटले, लक्ष्मी चंद पाटले और श्याम साहू झुलसकर बेसुध हो गए।
अचानक हुए इस हादसे से खेत में चीख-पुकार मच गई। साथी मजदूर आनन-फानन में तीनों को लेकर कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर लगते ही कटघोरा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। एक ही गांव के तीन लोगों की एक साथ असमय मौत से छुरी समेत पूरे आसपास के इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।


