00 उरगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: ग्राम चीतापाली में मचे कोहराम के बाद आरोपी बेटा अंजोरीपाली से गिरफ्तार, पहले भी कर चुका था बुजुर्ग माता-पिता से मारपीट
टीटीएन डेस्क, कोरबा/उरगा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चीतापाली में जमीन-जायदाद के विवाद में एक कलयुगी बेटे ने मानवता को शर्मसार कर दिया। पैतृक संपत्ति के तत्काल बंटवारे से इनकार करने पर दिव्यांग बेटे ने लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर अपनी वृद्ध मां की बेरहमी से हत्या कर दी और बीच-बचाव करने आए पिता का पैर तोड़कर उन्हें अधमरा कर दिया। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक की लहर है।
0 जीते-जी बंटवारे से इनकार पर भड़का आरोपी
ग्रामीणों के अनुसार, चीतापाली निवासी श्याम लाल यादव का छोटा बेटा रामकुमार यादव दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। वह पिछले कुछ समय से माता-पिता पर जमीन का बंटवारा करने का दबाव बना रहा था, लेकिन बुजुर्ग दंपत्ति इसके लिए तैयार नहीं थे। शुक्रवार की रात करीब 9-10 बजे इसी बात को लेकर फिर विवाद हुआ।
सिर पर किया जानलेवा प्रहार, रातभर घर में पड़ा रहा शव
विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर रामकुमार ने अपनी बैसाखी (लाठी) से मां जानकुंवर (60 वर्ष) के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पत्नी को बचाने आए वृद्ध पिता श्याम लाल को भी उसने नहीं बख्शा और लाठी बरसाकर उनका पैर व हाथ तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि रातभर मृतका का शव और तड़पते हुए बुजुर्ग पिता घर में ही पड़े रहे।
0
अंजोरीपाली से घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
शनिवार सुबह सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी (SI) नवीन पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल पिता को अस्पताल दाखिल कराया और फरार आरोपी रामकुमार को पास के ग्राम अंजोरीपाली से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी बेहद हिंसक प्रवृत्ति का है और पहले भी माता-पिता से मारपीट कर चुका था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

