00 अस्पताल में बांटे फल, जिला कार्यालय में हुआ भव्य स्वागत
TTN डेस्क
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी कोरबा के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी का जन्मदिवस इस वर्ष पूरे जिले में सेवा, आस्था और संगठनात्मक उत्साह के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक वर्ग और उनके शुभचिंतकों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर जन्मदिन की पूर्व संध्या से ही बधाई संदेशों के बैनर-पोस्टर सज गए थे, जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
0 मरीजों को फल वितरण और बाबा श्याम की पूजा से हुई शुरुआत
गोपाल मोदी के जन्मदिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत पुराना बस स्टैंड स्थित रानी धनराज कुँवर अस्पताल से हुई। यहां उन्होंने खुद पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और सेवा भाव के साथ फलों का वितरण किया। इसके बाद उन्होंने श्री खाटू श्याम मंदिर में मत्था टेककर बाबा श्याम की विशेष पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
0 भाजपा कार्यालय में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्वागत
टीपी नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने अपने जिलाध्यक्ष का ढोल-धमाकों के साथ भव्य स्वागत किया। जिला कार्यालय में गायत्री परिवार के आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीर्घायु और कल्याण की कामना करते हुए उनका जन्मदिन मनाया गया।
0 मां सर्वमंगला के दरबार में टेका मत्था
दोपहर बाद जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने वरिष्ठ भाजपा नेता विकास अग्रवाल के साथ कोरबा की आराध्य देवी मां सर्वमंगला मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश व जिले की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां भी बांटी गईं।
0 
उल्लेखनीय है कि गोपाल मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत समाज सेवा से की थी। अग्रवाल समाज के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा दी। इसके अलावा परिवहन क्षेत्र और ऑटो संघ के संरक्षक के रूप में उन्होंने चालकों और छोटे व्यवसायियों के हितों की आवाज बुलंद की। यही कारण है कि उनकी संवादशील कार्यशैली और सहज व्यक्तित्व की वजह से वे सभी वर्गों में लोकप्रिय हैं।
दिनभर चले विभिन्न कार्यक्रमों के बाद जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, मोर्चों, प्रकोष्ठों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और शुभचिंतकों के प्रति कोटि-कोटि आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है।


