TTN डेस्क
कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के रामपुर से एक बेहद दर्दनाक और डराने वाली खबर सामने आई है। यहाँ व्यवसायी प्रदीप शर्मा के पटाखा गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि पटाखों और बारूद के लगातार जोरदार धमाकों से पूरा इलाका गूंज उठा और आसमान में दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार छा गया।
0 राहत की बात: बाल-बाल बचीं कई जानें, कोई जनहानि नहीं
इस भयानक हादसे में सबसे बड़ी राहत यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पटाखा गोदाम खुले इलाके में होने के कारण आग आसपास की आबादी तक नहीं फैली, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया।
0 दमकल की टीम और ग्रामीणों ने दिखाई सूझबूझ
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका सहित जिले के अन्य दमकल केंद्रों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के वक्त स्थानीय ग्रामीणों और गोदाम के स्टाफ ने अपनी जान जोखिम में डालकर पटाखों से भरे कई बॉक्स समय रहते बाहर निकाल लिए।
0 पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
कटघोरा थाना प्रभारी धर्मलाल तिवारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने तुरंत रूट डायवर्ट किया और भीड़ को नियंत्रित कर रेस्क्यू ऑपरेशन को सकुशल पूरा कराया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


