
TTN डेस्क
नारायणपुर। पुलिस सैलरी पैकेज इंश्योरेंस क्लेम दिलाने के
एवज में कमीशन मांगने के गंभीर मामले में नारायणपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक (टीआई) सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, इस मामले में संलिप्त एक अधिवक्ता के खिलाफ भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
नारायणपुर पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कोतवाली थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिलने वाले इंश्योरेंस कवर का लाभ दिलाने के बदले दो लोगों द्वारा नियमों के विरुद्ध कमीशन की मांग की जा रही है।
”शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के बाद आरोपी निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में आरोपी वकील के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
— संदीप पटेल, पुलिस अधीक्षक, नारायणपुर
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और सह-आरोपी अधिवक्ता की तलाश में जुट गई है।


