TTN डेस्क
कोरबा: टीपी नगर स्थित सतनाम प्रांगण में कोरबा सतनामी कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष यूआर महिलागे की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी गई। श्री महिलागे का 4 सितंबर को निधन हो गया था।
शोकसभा में उपस्थित प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन पुराने संस्मरण याद कर भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि निधन से करीब एक माह पूर्व यूआर महिलागे ने फोन पर आग्रह किया था कि उनके जीते-जी सतनाम प्रांगण में मंत्री फंड से स्वीकृत 65 लाख रुपए के डोम का निर्माण कार्य पूरा हो जाए। मंत्री ने कहा कि उन्होंने तब उन्हें आश्वस्त किया था कि काम समय पर पूरा होगा और वे लंबी उम्र जिएंगे, लेकिन ईश्वर की मर्जी के आगे सभी नतमस्तक हैं। मंत्री ने श्री महिलागे को समाज के प्रति हमेशा समर्पित और सक्रिय रहने वाला व्यक्तित्व बताया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि निधन से कुछ समय पहले ही वे उनके कार्यालय आए थे और समाज के विकास कार्यों को पूरा करने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि अस्वस्थ होने के बावजूद उनका समाज के प्रति समर्पण भाव प्रेरणादायक था। नगर निगम सभापति नूतन सिंह राजपूत ने उन्हें अपना पिता तुल्य और मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि वे हमेशा समाज की जरूरतों को पूरा करने के लिए तत्पर रहते थे।



इस अवसर पर कोरबा सतनामी कल्याण समिति के अध्यक्ष नारायण लाल कुर्रे, सचिव आरडी भारद्वाज, एलएल कौशले, आरपी खांडे, केपी पाटले, पार्षद व एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग और परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।


