TTN डेस्क
कोरबा, 12 सितंबर। शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उनमें शिक्षा के प्रति उत्साह जगाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर द्वारा एक अनूठी पहल ‘सभापति की पाठशाला’ की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में आज शासकीय माध्यमिक शाला पोड़ीबहार में इस विशेष पाठशाला का आयोजन किया गया, जहां खुद निगम सभापति ने बच्चों के बीच बैठकर क्लास ली और उनका मार्गदर्शन किया।
0 बच्चों के साथ कक्षा में बैठे सभापति, पूछे बौद्धिक व सामान्य ज्ञान के प्रश्न
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने स्वयं कक्षा में बच्चों के साथ बैठकर आत्मीयता के साथ संवाद किया। उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान, मानसिक योग्यता और बौद्धिक क्षमता से जुड़े कई दिलचस्प व उपयोगी प्रश्न पूछे। बच्चों ने भी उत्साह के साथ इन सवालों के जवाब दिए। शासकीय विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार को एक्टिविटी डे के रूप में खेल, कला और सामान्य ज्ञान का अभ्यास कराया जाता है, जिसे इस पाठशाला ने और अधिक प्रभावी बना दिया है।
0 पार्षद व एमआईसी सदस्य ने दी छत्तीसगढ़ की जानकारी
इस पाठशाला में सभापति के साथ पोड़ीबहार की पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्रीमती चंद्रकली जायसवाल ने भी विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने बच्चों को छत्तीसगढ़ के सामान्य ज्ञान, संस्कृति तथा भौगोलिक व शारीरिक संरचना के संबंध में विस्तार से पढ़ाया, जिससे विद्यार्थियों को अपने राज्य के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं।
0 बच्चों में परीक्षा का डर खत्म करने और टैलेंट निखारने का उद्देश्य
शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले ग्रामीण व गरीब बच्चों के भीतर छिपे टैलेंट को तराशने, उन्हें नैतिक व सामान्य शिक्षा प्रदान करने तथा उनके मन से परीक्षा के डर को पूरी तरह समाप्त करने के लिए यह मुहिम चलाई जा रही है। इसके तहत प्रत्येक माह 2 से 3 स्कूलों का चयन कर सभापति स्वयं बच्चों से रूबरू होते हैं और उनके बौद्धिक स्तर का आकलन करते हैं। जनप्रतिनिधियों और शिक्षित नागरिकों के इस तरह स्कूलों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ने से न केवल बच्चों का हौसला बढ़ता है, बल्कि स्कूलों की बुनियादी समस्याओं के समाधान में भी मदद मिलती है।
0 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
पोड़ीबहार मिडिल स्कूल में आयोजित इस पाठशाला के दौरान सामान्य ज्ञान और बौद्धिक गतिविधियों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दामिनी सेन, स्मृति एलिना टोप्पो, आयुश खड़िया और वेदिका पटेल को निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा एमआईसी सदस्य श्रीमती चंद्रकली जायसवाल ने संयुक्त रूप से शील्ड और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया।
0 

गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर विद्यालय के स्टॉफ और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री शिव कुमार जायसवाल, प्रधानपाठिका श्रीमती स्वर्ण संगिता कुजूर, शिक्षिका श्रीमती सुनिता नामदेव, कृष्णा साहू, सनप सिंह और समाजसेवी मनमोहन चंद्रा का विशेष योगदान रहा। जनप्रतिनिधियों को अपने बीच पाकर स्कूली बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।


