TTN डेस्क
कोरबा, 12 सितंबर। शहर के बुधवारी बाजार स्थित खुशबू इलेक्ट्रॉनिक शॉप के स्टोर रूम में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सामान हटाने के दौरान अचानक एक सांप की केचुली नजर आई। स्टोर रूम के अंदर खतरनाक सांप के छिपे होने की आशंका को भांपते हुए दुकान में काम तुरंत रोक दिया गया। आसपास के लोगों में भी स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई।
0 नोवा नेचर और वन विभाग को दी गई सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम (नोवा नेचर) प्रमुख एवं वन विभाग के सदस्य जितेंद्र सारथी को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में सावधानी के साथ स्टोर रूम का सामान हटाना शुरू किया।
0 पाइप के अंदर जा छिपा विशालकाय कोबरा
एक-एक कर सामान हटाने के दौरान आखिरकार वही हुआ जिसकी आशंका जताई जा रही थी। स्टोर रूम से करीब 6 फीट लंबा एक विशालकाय कोबरा सांप बाहर नजर आया। कोबरा के अचानक सामने आने और फिर बचाव के दौरान एक पाइप के अंदर जा घुसने से रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण हो गया।
0 एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
पाइप में छिपे खतरनाक कोबरा को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पानी की सहायता से सांप को पाइप के दूसरे सिरे से बाहर निकाला गया, जिसके बाद टीम ने आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर थैले में बंद किया।
0
जंगल में सुरक्षित छोड़ा गया सांपसफलतापूर्वक रेस्क्यू पूरा होने के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। वन्यजीव को किसी भी प्रकार का नुकसान पहुँचाए बिना, रेस्क्यू टीम ने कोबरा को उसके प्राकृतिक रहवास यानी सुरक्षित जंगल में पुनः छोड़ दिया।

