TTN डेस्क 
बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने लॉजिस्टिक्स और प्रचालन (ऑपरेशन्स) को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ी तकनीक-आधारित पहल की है। कंपनी ने अपने संपूर्ण संचालन को एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए 5 एआई-सक्षम (AI-enabled) ‘डिजिटल कंट्रोल टावर्स’ को सफलतापूर्वक एकीकृत किया है।
यह नई व्यवस्था कोयला लॉजिस्टिक्स, फिनिश्ड प्रोडक्ट, फ्लाई ऐश प्रबंधन, आंतरिक वाहनों और अपशिष्ट (वेस्ट) प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को एक ही केंद्र से जोड़ती है। एआई और डिजिटल तकनीक से लैस ये टावर्स न केवल प्रचालन गतिविधियों की रियल-टाइम निगरानी कर रहे हैं, बल्कि डेटा-आधारित त्वरित निर्णय लेने और संसाधनों के बेहतर उपयोग में भी मदद कर रहे हैं।
आधुनिक तकनीकों का उपयोग और 5 प्रमुख कंट्रोल टावर्स:
कोयला लॉजिस्टिक्स टावर: कोयले के परिवहन की डिजिटल ट्रैकिंग और मूवमेंट प्लानिंग कर आपूर्ति श्रृंखला में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करता है।
फिनिश्ड प्रोडक्ट टावर: प्लांट के भीतर तैयार उत्पादों की आवाजाही, डिजिटल प्रूफ ऑफ डिलीवरी, जियो-फेंसिंग और ट्रैफिक मैनेजमेंट को सुव्यवस्थित करता है।
फ्लाई ऐश मैनेजमेंट टावर: राख के परिवहन की रियल-टाइम ट्रैकिंग कर निर्धारित मार्गों की निगरानी और पर्यावरणीय मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करता है।
वेस्ट मैनेजमेंट टावर: प्लांट के अपशिष्ट पदार्थों की आवाजाही और प्रक्रियाओं की बेहतर ट्रेसबिलिटी व जवाबदेही तय करता है।
इंटरनल व्हीकल टावर: परिसर में संचालित भारी व हल्के वाहनों (फोर्कलिफ्ट, हाइड्रा, बस आदि) की केंद्रीकृत मॉनिटरिंग करता है।
जीपीएस, आईओटी-आधारित वाहन ट्रैकिंग, एआई वीडियो टेलीमैटिक्स और एजेंटिक एआई तकनीक से लैस यह व्यवस्था बालको को एक एकीकृत, प्रभावी और भविष्य-उन्मुख उद्योग के रूप में स्थापित कर रही है। इससे आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होने के साथ-साथ ‘मेक इन इंडिया’ और डिजिटल भारत के संकल्प को भी गति मिल रही है।

