00 भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के 45वें स्थापना दिवस पर 9 अगस्त को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगा आयोजन, छत्तीसगढ़ से अशोक मोदी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शामिल
TTN डेस्क
कोरबा। देश की सर्वोच्च व्यापारी संस्था ‘भारतीय उद्योग व्यापार मंडल’ के 45वें स्थापना दिवस पर 9 अगस्त को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में विशाल राष्ट्रीय व्यापारी महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश के 30 राज्यों से हजारों व्यापारी प्रतिनिधि शामिल होकर अपनी प्रमुख मांगों को केंद्र सरकार के समक्ष रखेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता करेंगे। महासम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, हर्ष मल्होत्रा, व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील संघवी और दुर्ग सांसद विजय बघेल सहित कई केंद्रीय मंत्री व सांसद सहभागिता करेंगे।
0 छत्तीसगढ़ से प्रतिनिधिमंडल रवाना
छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अशोक मोदी के नेतृत्व में राज्य का एक प्रमुख प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचेगा। इसमें प्रदेश चेयरमैन सुधीर बंसल, राजेश बंसल, हेमचंद जोशी, हरीश पटवाल और अनिल अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी शामिल हैं।
0 महासम्मेलन की मुख्य मांगें:
जीएसटी व कर व्यवस्था का सरलीकरण: जीएसटी की जटिल प्रक्रियाओं को आसान बनाने, अनावश्यक नोटिसों पर रोक लगाने, सर्विस टैक्स, एक्साइज और इनकम टैक्स के पुराने मामलों के शीघ्र निराकरण तथा सेस रिफंड की मांग।
व्यापारी सामाजिक सुरक्षा: व्यापारियों के लिए व्यापारी बीमा योजना, सुरक्षा योजना एवं पेंशन योजना लागू करने की मांग।
ऑनलाइन व्यापार से संरक्षण: ई-कॉमर्स कंपनियों के बढ़ते प्रभाव से स्थानीय व छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के संरक्षण के लिए नीति बनाने की मांग।
व्यापारी मजबूत होगा तो देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी

“व्यापारी लगातार बढ़ती प्रक्रियात्मक जटिलताओं से जूझ रहा है। दिल्ली महासम्मेलन के माध्यम से छत्तीसगढ़ सहित देशभर के व्यापारियों की वास्तविक समस्याओं और सुझावों को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।”
— अशोक मोदी, प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ भारतीय उद्योग व्यापार मंडल
____________________


