TTN डेस्क
रांची। झारखंड में 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन 14वें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट यूनियन (AISA) के सैकड़ों 




कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव की कोशिश की। इस दौरान AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर एक अज्ञात युवक ने स्याही फेंक दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जिसके ABVP से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
स्याही फेंके जाने के बाद नेहा बोरा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “जब हम आंसू गैस और लाठियों से नहीं डरे, तो इस स्याही से क्या डरेंगे।” उन्होंने मांग की कि परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक के लिए केवल प्राइवेट एजेंसियों को ही नहीं, बल्कि संबंधित सरकारी अधिकारियों को भी जिम्मेदार ठहराकर उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।
0 राहुल गांधी ने दिया आंदोलन को समर्थन
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अनशन पर बैठे छात्र नेता रवींद्र पासवान से फोन पर बातचीत कर आंदोलन को अपना पूरा समर्थन जताया है। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर आम लोगों से भी छात्रों के समर्थन में आगे आने की अपील की।
0 सरकार बातचीत के लिए तैयार, पर शर्त बरकरार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि सरकार छात्रों की समस्याओं को समझने और हल करने के लिए तैयार है। हालांकि, देर रात प्रशासनिक अधिकारियों (SDO और SDM) की छात्रों के साथ 45 मिनट तक हुई वार्ता बेनतीजा रही। सरकार का कहना है कि वह केवल छात्रों से बात करेगी, जबकि छात्रों के प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महाधिवक्ता और पत्रकारों के शामिल होने पर सरकार ने आपत्ति जताई है।


