TTN डेस्क
कटघोरा/कोरबा। कटघोरा नगर पालिका परिसर में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा निर्माण में हुई गड़बड़ी के खिलाफ युवा कांग्रेस (ग्रामीण) का गुस्सा आज शुक्रवार की अपरान्ह फूट पड़ा। प्रशासन पर लीपापोती का आरोप लगाते हुए आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने अपने वस्त्र उतारकर अर्धनग्न अवस्था में जमकर नारेबाजी की और पालिका प्रशासन व सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
0 पुलिस से धक्का-मुक्की, समझाइश के बाद भी अड़े रहे आंदोलनकारी
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों की तादाद में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अटल जी की प्रतिमा के सामने मोर्चा संभाल लिया। प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट और शर्ट उतारकर अर्धनग्न प्रदर्शन शुरू किया, तो मौके पर मौजूद कटघोरा थाना प्रभारी (TI) एम.बी. पटेल व पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों की समझाइश और तीखी बहस के बावजूद आंदोलनकारी अपनी मांगों पर डटे रहे।
0 ‘सिर्फ सब-इंजीनियर ही क्यों, CMO और ठेकेदार पर भी हो कार्रवाई’
जिलाध्यक्ष विकास सिंह ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इतने बड़े निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का ठीकरा केवल एक उप-अभियंता (Sub-Engineer) पर फोड़कर बड़े मगरमच्छों को बचाने का खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), संबंधित ठेकेदार और अन्य अफसरों की सीधी जिम्मेदारी होती है। ऐसे में केवल निचले स्तर के कर्मचारी को बलि का बकरा बनाकर मामले को दबाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
0 युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
उच्च स्तरीय जांच आयोग: प्रतिमा निर्माण में हुई संपूर्ण धांधली की निष्पक्षता से जांच कराने हेतु एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया जाए।
मुख्य जिम्मेदार घेरे में आएं: जांच का दायरा बढ़ाकर पालिका के CMO, ठेकेदार और संबंधित विभागीय अधिकारियों की भूमिका तय कर उन पर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
स्थिति ज्यों की त्यों रहे: जांच पूरी होने तक प्रतिमा में किसी भी प्रकार के परिवर्तन, छेड़छाड़ या उसे हटाने के प्रयास पर तत्काल पाबंदी लगाई जाए।


आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों पर शिकंजा नहीं कसा गया, तो युवा कांग्रेस पूरे जिले में उग्र आंदोलन करेगी।

