
00 कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं का ज़बरदस्त प्रदर्शन
TTN डेस्क
कोरबा।जिले के कटघोरा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। सुविधाओं की कमी, भोजन में कीड़े और दुर्व्यवहार से परेशान स्कूली बच्चोंnका गुस्सा शनिवार की सुबह फूट पड़ा और ‘जेन अल्फा का गुस्सा भड़का, उतरे सड़क पर’ का नज़ारा देखने को मिला।
छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर सुबह 7:00 बजे से ही कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर बैठ गए और पूरी तरह से चक्का जाम कर दिया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
0 प्राचार्य पर गंभीर आरोप, पहले भी रोका था विधायक का काफिला
आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने स्कूल के प्राचार्य डॉ असद अहमद और अधीक्षक पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि…
खराब खाना: भोजन में आए दिन कीड़े निकलते हैं और गुणवत्ता बेहद खराब है।
अभद्र व्यवहार: प्राचार्य और अधीक्षक द्वारा विद्यार्थियों के साथ बुरा बर्ताव किया जाता है।
सुविधाओं का अभाव: हॉस्टल और स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अपनी मांगों को लेकर विद्यार्थियों ने स्थानीय विधायक की गाड़ी रोककर विरोध प्रदर्शन किया था, लेकिन उचित कार्रवाई न होने के कारण छात्र दोबारा सड़क पर उतरने को मजबूर हुए।
0 कलेक्टर से बात और प्रशासनिक दखल के बाद खुला रास्ता
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थिति को शांत कराने तहसीलदार, पुलिस अधिकारी, एसडीएम और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। छात्र प्राचार्य को हटाने और दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
कलेक्टर से बातचीत और एसडीएम तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा त्वरित जांच कर सख्त कार्रवाई करने के लिखित आश्वासन के बाद ही छात्र-छात्राओं ने अपना आंदोलन वापस लिया।
अपडेट: लगभग डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चले इस चक्का जाम के समाप्त होने के बाद ही कटघोरा-कोरबा मार्ग पर यातायात बहाल हो सका और यात्रियों ने राहत की सांस ली।


