

TTN डेस्क
रायपुर/कोरबा। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ, नई दिल्ली की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड का विधिवत गठन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री निवास रायपुर में आयोजित एक गरिमापूर्ण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई और उनका अभिनंदन किया गया।
0 राज्य बोर्ड का गठन एवं नए दायित्व
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान संगठन के शीर्ष पदों की घोषणा की गई। इसमें श्रीमती कौशल्या विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड का उपाध्यक्ष तथा कुंवर जितेंद्र नरसिंह राणा को प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
इसी कड़ी में कोरबा की सामाजिक संस्था ‘साक्षी सेवा समिति’ की अध्यक्ष सोनिया कुर्रे को राज्य बोर्ड में विशेष सदस्य के रूप में शामिल किया गया। इस अवसर पर संगठन के सचिव विनय मालवीय ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
0 जनजातीय विकास और सामाजिक समरसता का संकल्प
विशेष सदस्य बनाए जाने पर सोनिया कुर्रे ने कहा कि भारतीय आदिम जाति सेवक संघ द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि पूरी टीम के साथ मिलकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
0 प्रथम कार्यकारिणी बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन
समारोह के पश्चात ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा (रायपुर) में छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड की प्रथम कार्यकारिणी बैठक आयोजित हुई। बैठक में बस्तर सहित पूरे प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में:
शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार,
महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार,
पेसा (PESA) कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, और
ग्राम स्वावलंबन तथा युवा सशक्तिकरण
जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई और आगामी कार्ययोजना तैयार की गई।
0 विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति और शुभकामनाएं
कार्यक्रम में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश कुमार उईके, राष्ट्रीय महामंत्री अजय कुमार चौबे, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, छत्तीसगढ़ दिव्यांग आयोग के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया तथा अंत्योदय आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बेसरा सहित देश भर के 27 राज्यों से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संगठन की पूरी नई टीम को हार्दिक बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि यह संगठन प्रदेश के आदिवासी एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान में नई दिशा तय करेगा।


