TTN डेस्क
कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुदूर वनांचल ग्राम पंचायत ईरफ के ग्राम हर्राडीह में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात आरोपियों ने एक दंपति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, वहीं उसी इलाके में रहने वाली एक एकाकी वृद्धा की निर्मम हत्या कर दी। दोनों वारदातों के पीछे का कारण फिलहाल अज्ञात है।
मिली जानकारी के अनुसार, चैतमा पुलिस चौकी में रविवार सुबह बजरंग धनुहार ने सूचना दी कि शनिवार रात उसके मामा चैतराम और मामी परमिला धनुहार अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में चैतराम का मुंह और जबड़ा बुरी तरह टूट गया है। दंपति की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
0 100 मीटर दूर मिली वृद्धा की लाश
इस खौफनाक वारदात के साथ ही, दंपति के मकान से लगभग 100 मीटर दूर एक छोटी सी कुटिया में अकेले रहने वाली 65 वर्षीय वृद्धा समारिन बाई की भी हत्या कर दी गई। बदमाशों ने हत्या के बाद शव को पास के जंगल में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
0 पुलिस अधीक्षक पहुंचे मौके पर
एक ही रात में हुई हमला व हत्या की इस दोहरी वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। बताया गया है कि
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित आला पुलिस अधिकारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे।
पुलिस की टीम गांव व आसपास के जंगलों में साक्ष्य जुटाने और आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी हुई है। देर शाम तक पुलिस की टीम मौके पर ही जांच में डटी रही। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

