कोरबा। भारतीय जनता पार्टी, शक्ति केंद्र-पोड़ीबाहर के तत्वावधान में रविवार को एस.एल.आर. सेंटर (मणिकंचन सेंटर) में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित भाजपाइयों ने देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के साहस और बलिदान को नमन किया।
इसके पश्चात सभी ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना और राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर क्षेत्र में निरंतर सेवाएं दे रहे स्वच्छता कर्मियों को पुष्पगुच्छ व सम्मान सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व महापौर एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जोगेश लांबा ने शहीदों को नमन करते हुए स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मी समाज के वास्तविक कर्मयोगी हैं, जिनकी बदौलत हमारा परिवेश स्वच्छ और स्वस्थ रहता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, एल्डरमेन रितेश साहू, अनिल वस्त्रकार, शिव जायसवाल, शक्ति केंद्र संयोजक बद्रीनाथ वस्त्रकार, सहसंयोजक विवेक राजवाड़े, बूथ अध्यक्ष आशीष सूर्यवंशी, भाजयुमो मंडल महामंत्री बसंत बैरागी, राजू साहू, श्याम यादव एवं पदमिनी आदित्य सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।




