


00 काले कपड़े पहनकर संसद में जताया विरोध; केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज
TTN डेस्क
नई दिल्ली।नीट (NEET) परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष ने अपना रुख और कड़ा कर लिया है। प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘INDIA’ गठबंधन के विपक्षी सांसदों ने संसद से लेकर राजघाट (गांधी स्मृति) तक विरोध मार्च निकाला। सांसदों ने नीट धांधली के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की।
0 संसद परिसर में काले कपड़ों में जताया विरोध
दिन की शुरुआत संसद परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन के साथ हुई। विपक्षी दलों के सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुँचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सांसदों ने देश भर के लाखों प्रभावित छात्रों के भविष्य का मुद्दा उठाते हुए शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े किए।
0 बैठक के बाद राजघाट के लिए रवाना हुए सांसद
रणनीति के तहत पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास पर ‘INDIA’ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसके बाद भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी सांसद बसों में सवार होकर राजघाट के लिए रवाना हुए। मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स और पुलिसिया रोक-टोक के बावजूद सांसद आगे बढ़ते हुए गांधी स्मृति पहुँचे।
0 भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवाओं के साथ हैं: राहुल गांधी
गांधी स्मृति (जहाँ महात्मा गांधी शहीद हुए थे) में एकत्र होकर विपक्षी सांसदों ने उन छात्रों को याद किया और श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने पेपर लीक के कारण अवसाद में आकर अपनी जान गंवा दी।इस अवसर पर राहुल गांधी ने कहा:
”हम आज सत्य, अहिंसा और निडरता के प्रतीक स्थल पर उन छात्रों के समर्थन में खड़े हैं, जिन्होंने बेखौफ होकर इस भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ आवाज उठाई है। जिन युवाओं ने सत्य के रास्ते पर चलते हुए अन्याय सहा है, उन्हें साहस देना हमारा कर्तव्य है। हम हर कदम पर देश के छात्रों के साथ खड़े हैं।”


