कोरबा प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ: उप-मुख्यमंत्री अरुण साव बोले—’लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारों की भूमिका अहम’
00 प्रेस क्लब के भव्य समारोह में जुटे प्रदेश भर के पत्रकार और जनप्रतिनिधि; निष्पक्ष व तथ्यपरक पत्रकारिता पर जोर
TTN डेस्क
कोरबा।कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का भव्य एवं गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को रामपुर स्थित पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उप-मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव शामिल हुए।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रदेश भर से आए पत्रकार उपस्थित रहे।
0 एआई और नई तकनीक के दौर में निष्पक्षता जरूरी: अरुण साव
मुख्य अतिथि उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई देते हुए कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की अपनी एक विशिष्ट पहचान राज्य स्तर पर है।पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक के दौर में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदला है। ऐसे समय में अनुभवी पत्रकारों के मार्गदर्शन और युवा पत्रकारों की ऊर्जा के समन्वय से समाज को सही दिशा मिलेगी। पत्रकारों को निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक खबरें प्रस्तुत कर लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाना चाहिए।
0 जनसरोकार और विकास में मीडिया का बड़ा योगदान: लखनलाल देवांगन
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार सदैव निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने और सामाजिक समस्याओं को उजागर करने में मीडिया का योगदान अनुकरणीय है।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की नई टीम पूरे जोश और ऊर्जा के साथ कार्य करने के लिए तत्पर दिख रही है। देश और प्रदेश के मौजूदा हालात में पत्रकारों पर निष्पक्षता से काम करने की बड़ी जिम्मेदारी है।
समारोह में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने 16 महीनों के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं का ब्योरा साझा किया। उन्होंने प्रेस क्लब के केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट की प्रोत्साहन राशि 2 लाख से बढ़ाकर 3 लाख रुपये करने की घोषणा की और शहर के विकास में पत्रकारों के सकारात्मक सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।
0 नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में शामिल हैं:
संरक्षक: कमलेश यादव
अध्यक्ष: नौशाद खान
उपाध्यक्ष: राजकुमार शाह
सचिव: दिनेश राज
उप-सचिव: हरीश तिवारी
कोषाध्यक्ष: दुर्गेश श्रीवास्तव
कार्यकारिणी सदस्य: राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन एवं आकाश शर्मा
0 अतिथियों का किया गया नागरिक अभिनंदन
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने साडा कार्यकाल से लेकर वर्तमान समय तक प्रेस क्लब भवन निर्माण के इतिहास को याद करते हुए सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया। उन्होंने विश्वास जताया कि उप-मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में प्रेस क्लब का निरंतर विकास होगा।
समारोह में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी और बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुँचे वरिष्ठ पत्रकारों का भी आत्मीय स्वागत किया गया।


कार्यक्रम का सफल मंच संचालन प्रेस क्लब सदस्य सादिक शेख ने किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में सचिव दिनेश राज ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

