



TTN डेस्क
कोरबा:NEET पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज, शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्था और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं की असंवैधानिक गिरफ्तारी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, कोरबा द्वारा बुधवार शाम टी.पी. नगर में प्रधानमंत्री का पुतला दहन व विशाल विरोध-प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि युवाओं व छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और राहुल गांधी को बर्बरतापूर्वक हिरासत में लेने के खिलाफ यह पुरजोर आवाज है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के हक और अधिकारों की इस लड़ाई में हमेशा साथ खड़ी है। वहीं, पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की युवा विरोधी नीतियां और लोकतंत्र का दमन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, पूर्व विधायक मोहितराम केरकेट्टा, कटघोरा पालिका अध्यक्ष राज जयसवाल, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, हरीश परसाई,विकास सिंह और सुनील जैन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


