TTN डेस्क
00 खगेश निर्मलकर बने पोड़ी उपरोड़ा के नए जनपद सीईओ, संजय कुमार राय को कोरबा जनपद की कमान
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा। जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों के लंबे समय से चले आ रहे भारी विरोध के बाद आखिरकार पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) भूपेंद्र सोनवानी को पद से हटा दिया गया है। उन्हें जिला पंचायत कोरबा में अटैच किया गया है।
जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कोरबा जनपद पंचायत के सीईओ खगेश निर्मलकर को स्थानांतरण कर पोड़ी उपरोड़ा जनपद सीईओ के पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं, सरगुजा जिले के रामानुजनगर जनपद से कोरबा स्थानांतरित होकर आए संजय कुमार राय को कोरबा जनपद पंचायत के नए सीईओ का दायित्व सौंपा गया है।

गौरतलब है कि पोड़ी उपरोड़ा में जनप्रतिनिधियों द्वारा सीईओ भूपेंद्र सोनवानी की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार मोर्चा खोला गया था और उन्हें हटाने की मांग की जा रही थी। इस प्रशासनिक बदलाव के बाद अब जनपद पंचायत के विकास कार्यों में गति आने की संभावना जताई जा रही है।

