

TTN डेस्क
कोरबा। जिले की बेटी और प्रसिद्ध चिकित्सक दंपत्ति की सुपुत्री डॉ. यामिनी बोडे ने खेल जगत में कोरबा का परचम लहराया है। रायपुर में आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उन्होंने एक स्वर्ण और एक रजत पदक पर कब्जा जमाया।
11 से 21 जुलाई तक चली इस राज्यस्तरीय स्पर्धा में डॉ. यामिनी ने शानदार प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल जीता, जबकि 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। समापन अवसर पर डीजीपी (DGP) अरुण देव गौतम ने उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
0 चिकित्सा के साथ खेल में भी अव्वल
डॉ. यामिनी बोडे वर्तमान में धनराजकुंवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) के पद पर सेवाएं दे रही हैं। वे कोरबा के पूर्व CMHO डॉ. बी. बी. बोडे एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अन्नपूर्णा बोडे की सुपुत्री हैं।
गत वर्ष कांस्य पदक जीतने के बाद इस वर्ष गोल्ड व सिल्वर पर निशाना साधने वाली डॉ. यामिनी की इस दोहरी सफलता पर जिले भर के सामाजिक, खेल और चिकित्सा जगत ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।

