TTN डेस्क
कोरबा, 18 जुलाई 2026:पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा जिले को हरा-भरा और स्वच्छ रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा शनिवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत “रन फॉर ग्रीन” मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम से शुरू हुई इस 5 किलोमीटर की मैराथन को मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय,सभापति नूतनसिंह ठाकुर,पार्षद नरेंद्र देवांगन,अशोक चावलानी, हितानंद अग्रवाल, डॉ राजीव सिंह,बीजेपी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ अंजना सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में जिले के हजारों नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में भारतीय महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी सुश्री किरण पिस्दा विशेष आकर्षण रहीं, जिन्होंने युवाओं को खेल भावना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने औद्योगिक व खनन क्षेत्र होने के कारण कोरबा में पर्यावरण की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए बताया कि आगामी दो महीनों तक यह विशेष जनअभियान चलाया जाएगा और प्रशासन पौधा लगाने वालों को हरसंभव सहयोग देगा। मैराथन के बाद मिनीमाता महाविद्यालय मार्ग पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा पौधरोपण व स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
0 विजेताओं को मिला पुरस्कार






मैराथन के पुरुष वर्ग में मनीष कुमार और महिला वर्ग में नेहा साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 10,000-10,000 रुपये का नकद पुरस्कार जीता। पुरुष वर्ग में अनुराग श्रीवास द्वितीय व निखिल बरेठ तृतीय रहे, जबकि महिला वर्ग में कुमारी अनंता रूपदास को द्वितीय और शीतल कौशल को तृतीय पुरस्कार मिला। कार्यक्रम में रोटरी क्लब, लायंस क्लब, जेसीआई और 200 से अधिक ‘माय भारत यूथ वॉलेंटियर्स’ ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।


