TTN डेस्क
कोरबा। शहर के मानिकपुर चौकी अंतर्गत दादर इलाके में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 5 वर्षीय मासूम को बेरहमी से नोच डाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक, दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा निवासी किशोर पटेल दादर क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। गुरुवार शाम करीब 4 बजे उनका 5 वर्षीय बेटा प्रकाश पटेल (पहली कक्षा का छात्र) पिता से मिलने के बाद अकेले घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों ने उस पर अचानक हमला कर दिया और उसे घसीटने लगे।
0 पिता की आँखों के सामने उजड़ गई दुनिया
बच्चे की चीख सुनकर पिता मौके पर दौड़े और कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक मासूम गंभीर रूप से घायल हो चुका था। परिजन उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे के सिर और गर्दन पर गहरे जख्म थे।
0 लोगों में गुस्सा
घटना की सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जाँच शुरू कर दी है। इस घटना से स्थानीय नागरिकों में नगर निगम और जिला प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से है, लेकिन शिकायतों के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों
ने प्रशासन से तत्काल कुत्तों को पकड़ने और ठोस कदम उठाने की माँग की है।


