TTN डेस्क
कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ढेंगुरनाला पुल के नीचे नदी किनारे गुरुवार शाम एक 2 वर्षीय मासूम बच्चे का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान रामपुर बस्ती निवासी दिनेश कुमार बरेठ के पुत्र केशव के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, केशव के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और बुधवार को लाल घाट पर मजदूरी करने गए थे। काम खत्म होने के बाद जब वे नाला पार कर एक पेड़ के नीचे बैठे, तो मां को नींद आ गई। इसी दौरान मासूम केशव खेलते हुए वहां से लापता हो गया। परिजनों को आशंका है कि वह खेलते-खेलते नाले के पास चला गया और पानी में डूब गया। गुरुवार शाम स्थानीय लोगों द्वारा शव देखे जाने के बाद बालको थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रथम दृष्टया इसे एक हादसा मान रही है।
0 दो दिन पहले भी हुआ था हादसा


स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण नाले उफान पर हैं। महज दो दिन पहले इसी ढेंगुरनाला में रामपुर निवासी एक वृद्ध भिक्षुक की भी डूब कर मौत हो गई थी। वह अपनी पत्नी के साथ नाला पार कर रहा था, तभी पानी का बहाव तेज होने के कारण वह बह गया। हादसे में वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रही थी।

