TTN डेस्क
बालकोनगर।भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने नागरिकों, कर्मचारियों और व्यावसायिक साझेदारों को साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की है। कंपनी के संज्ञान में आया है कि साइबर अपराधी बालको के नाम और ब्रांड से मिलते-जुलते फर्जी डोमेन, वेबसाइट और ई-मेल आईडी का उपयोग कर लोगों को गुमराह करने तथा उनकी गोपनीय व वित्तीय जानकारी चुराने का प्रयास कर रहे हैं।
बालको प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी किसी भी अनधिकृत वेबसाइट या ई-मेल से कंपनी का कोई संबंध नहीं है और इनके जरिए होने वाले किसी भी नुकसान के लिए कंपनी जिम्मेदार नहीं होगी।
0 केवल इन आधिकारिक माध्यमों पर ही करें भरोसा
कंपनी ने भ्रामक जानकारियों से बचने के लिए अपने अधिकृत डिजिटल पते जारी किए हैं:
आधिकारिक वेबसाइट: www.balcoindia.com
आधिकारिक ई-मेल डोमेन: सभी प्रामाणिक ई-मेल केवल @vedanta.co.in डोमेन से ही जारी किए जाते हैं।
0 संदिग्ध गतिविधि की तुरंत दें सूचना

कंपनी ने सभी हितधारकों से आग्रह किया है कि वे किसी भी अज्ञात या संदिग्ध ई-मेल और वेबसाइट पर अपनी व्यक्तिगत या व्यावसायिक जानकारी साझा न करें। यदि कोई भी संदिग्ध डोमेन या ई-मेल प्राप्त होता है, तो इसकी सूचना तुरंत बालको की सुरक्षा टीम को दें। सुरक्षित रहें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।


