TTN डेस्क
कोरबा। जिला अंतर्गत छुरी मुख्य मार्ग पर स्थित ‘राज ज्वैलर्स’ में बुधवार दोपहर कट्टे और चाकू की नोक पर दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात हुई है। दोपहर करीब 1 बजे तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और अंगूठी दिखाने के बहाने कर्मचारियों की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
0 सलवार-सूट में पहुंचा लुटेरा, सस्पेंस बरकरार
चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह का एक सदस्य सलवार-सूट पहनकर महिला की वेशभूषा में पहुंचा था। वह वास्तव में महिला थी या भेष बदला हुआ पुरुष, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
0 संचालक ने दिखाया साहस, कट्टा-बाइक छोड़ भागे आरोपी
दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने अदम्य साहस दिखाते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने संचालक के हाथ को दांत से बुरी तरह काट लिया। संचालक की बहादुरी और भीड़ के डर से घबराए बदमाश वारदात में इस्तेमाल कट्टा और अपनी प्लैटिना बाइक मौके पर ही छोड़ पैदल भाग निकले। भागते समय बदमाशों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रहे सामने के एक अन्य दुकानदार पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
0 असली के धोखे में ले गए नकली जेवरात
संचालक के विरोध के कारण बदमाश हड़बड़ा गए और हड़बड़ाहट के चक्कर में दुकान के शोकेस में रखे आर्टिफिशियल (नकली) जेवरात को ही असली सोना समझकर लूट ले गए।
0 अलग-अलग दिशाओं में भागे आरोपी, नाकेबंदी शुरू
चश्मदीदों के मुताबिक, वारदात के बाद दो आरोपी पैदल ही कोरबा मार्ग की ओर भागे हैं, जबकि तीसरा आरोपी छुरी के तालाब की ओर भागा है। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर पूरे इलाके में तगड़ी नाकेबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।पुलिस बाइक के सहारे भी पतासाजी कर रही है।


