



00 पुलिस ने आरोपी रामसहाय की निशानदेही पर जहरीला पदार्थ किया जब्त, इकबाला जुर्म
TTN डेस्क
बलौदाबाजार/कसडोल। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के खर्वे गांव में सनसनी फैला देने वाले 8 लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कसडोल पुलिस ने मुख्य आरोपी रामसहाय जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को संदेही रामसहाय को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, जहां दो दिनों तक चली कड़ी और कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की।
0 मजाक और छोटी बातों पर मर्डर की प्लानिंग
जांच में जो बात सामने आई है वह बेहद हैरान करने वाली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रामसहाय लोगों के सामान्य मजाक या बेहद छोटी-छोटी बातों को लेकर अपने मन में गहरी दुश्मनी पाल लेता था और फिर उन्हें जान से मारने की पूरी प्लानिंग करता था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कसडोल पुलिस ने आरोपी रामसहाय के खिलाफ हत्या के 8 मामले और जहर देने की धारा के तहत कुल 9 एफआईआर (FIR) दर्ज की हैं।
0 मौके पर उमड़ा ग्रामीणों का आक्रोश
इधर, मंगलवार को पुलिस की टीम आरोपी रामसहाय को तस्दीक के लिए उसके घर, दुकान और घटनास्थल पर लेकर पहुंची थी। जहां पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शराब में मिलाया जाने वाला जहरीला पदार्थ भी जब्त कर लिया है। कार्रवाई के दौरान जब आरोपी को पुलिस कस्टडी में गांव लाया गया, तो उसे देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग बेहद आक्रोशित हो गए और आरोपी को देखते ही उसे गालियां देने लगे। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस मुस्तैद रही।पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रही है, जिसमें घटना की पूरी साजिश और बाकी बची कड़ियों का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।


