TTN डेस्क
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के पंडोपारा से सभ्य समाज को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक और घिनौनी वारदात सामने आई है, जहाँ एक पति ने मानवीय संवेदनाओं और मर्यादाओं को तार-तार करते हुए अपनी ही पत्नी के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी पति ने न सिर्फ महिला के साथ सरेराह गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि उसे जबरन पेशाब पिलाने जैसी घृणास्पद और अमानवीय हरकत को भी अंजाम दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है।
0 क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के रूनियाडीह निवासी जितेंद्र घसिया ने करीब 15 साल पहले करंजी क्षेत्र की रहने वाली तारा से प्रेम विवाह किया था। दोनों के चार बच्चे भी हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच लगातार घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके चलते पीड़िता अपने पति से अलग होकर पंडोपारा में रह रही थी और लोगों के घरों में काम करके बमुश्किल अपने बच्चों का पेट पाल रही थी।
विवाद के बीच, 14 जून को आरोपी पति जितेंद्र अपनी पत्नी को ढूंढते हुए पंडोपारा पहुँच गया। वहाँ उसने सरेराह पीड़िता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
0 चरित्र पर कीचड़ उछालने की कोशिश
गिरफ्तारी से बचने और अपनी इस घिनौनी करतूत को छुपाने के लिए आरोपी पति अब पत्नी के चरित्र पर झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगा रहा है। उसका दावा है कि उसकी पत्नी बच्चों को छोड़कर पंडोपारा में किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही थी। हालाँकि, स्थानीय लोगों और घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी की यह बर्बरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त करने योग्य नहीं है।
0 पुलिसिया कार्रवाई: बीएनएस की कड़े धाराओं में मामला दर्ज, आरोपी फरार
वारदात के बाद सहमी हुई पीड़िता ने तत्काल पटना थाना पहुँचकर आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस ने आरोपी जितेंद्र घसिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(2) और 85 के तहत संगीन जुर्म दर्ज कर लिया है।
0 lथाना प्रभारी का बयान
पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि शुरुआती शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली थी। प्रथम दृष्टया पीड़िता ने लोक-लाज के डर से पेशाब पिलाने की बात नहीं बताई थी, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और पीड़िता के विस्तृत बयानों के बाद इस घिनौने कृत्य की पुष्टि हो रही है। मामले में जल्द ही अन्य बेहद गंभीर और गैर-जमानती धाराएं जोड़ी जा रही हैं। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
0 समाज पर बड़ा कलंक


दिन-दहाड़े एक महिला के साथ इस तरह की हैवानियत होना और आसपास मौजूद लोगों का मूकदर्शक बने रहना हमारी सामाजिक चेतना पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। इस तरह के अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जो समाज में एक नजीर पेश करे।


