

00 करोड़पति सट्टा खाईवाल करन चौधरी और दो साथी गिरफ्तार, हवाला के जरिए काली कमाई को ‘व्हाइट’ करने का खेल खत्म
TTN डेस्क
रायगढ़ | रायगढ़ पुलिस ने जिले के इतिहास में संगठित आर्थिक अपराध पर सबसे बड़ा प्रहार करते हुए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला के एक विशाल नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में की गई इस छापेमारी में पुलिस ने 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये की नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई न केवल सट्टेबाजी के खिलाफ है, बल्कि ब्लैक मनी को हवाला के जरिए खपाने वाले गिरोह की कमर तोड़ने वाली साबित हुई है।
0 करोड़ों का सट्टा, नोट गिनने की मशीन और संगठित गिरोह
पुलिस ने आरोपी करन चौधरी के साथ उसके साथी पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। इनके पास से नकदी के साथ-साथ नोट गिनने की मशीन, 4 मोबाइल फोन और वित्तीय लेनदेन के कई अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच में पता चला कि आईपीएल सट्टे से कमाए गए करोड़ों रुपये को पेट्रोल पंपों और अन्य व्यापारिक माध्यमों से हवाला के जरिए देश के बड़े शहरों में भेजा जा रहा था।
0 प्रमुख खुलासे: कैसे चलता था काली किताब का खेल
फाइनेंशियल मनी ट्रेल: आरोपियों ने जांच एजेंसियों से बचने के लिए अपने खातों के बजाय कर्मचारियों और परिचितों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया।
संगठित अपराध की धाराएं: लगातार आपराधिक गतिविधियों और बड़े सिंडिकेट के संचालन को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध) के तहत मामला दर्ज किया है।
इन जिलों तक थे तार: इस गिरोह के लिंक रायगढ़ के अलावा सक्ती, खरसिया, बिलासपुर और रायपुर तक फैले हुए हैं।
0 जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार की तलाश जारी
मामले में एक अन्य मुख्य कड़ी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार अभी फरार है। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद कई और बड़े नामों और रसूखदारों के चेहरे बेनकाब होंगे। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में आर्थिक अपराध और हवाला कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
0 जब्त संपत्ति का विवरण
नगद राशि: ₹1,02,81,300
अन्य सामग्री: नोट गिनने की मशीन, 4 स्मार्टफोन्स।
कुल जब्ती: ₹1,03,86,300
0 इनकी रही मुख्य भूमिका
इस बड़ी सफलता में साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, एएसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा और उनकी पूरी टीम ने तकनीकी इनपुट और ग्राउंड इंटेलिजेंस के जरिए इस पूरे सिंडिकेट को नेस्तनाबूद किया।

