Home Uncategorized कोरबा : मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भारी बवाल: सरपंच की गुंडागर्दी ने...

कोरबा : मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भारी बवाल: सरपंच की गुंडागर्दी ने ली कर्मचारी की जान

TTN डेस्क

कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आज सोमवार की सुबह बवाल हो गया। ड्यूटी के दौरान सरपंच की पिटाई से घायल बुजुर्ग मर्चुरी कर्मचारी बालकृष्ण चनैया ने आज सोमवार की सुबह दम तोड़ दिया। उनकी गलती सिर्फ इतनी थी कि उन्होंने पोस्टमार्टम के लिए थोड़ा इंतजार करने को कहा था।इसके बाद मृतक के परिजन और साथी अस्पताल कर्मी आक्रोशित हो प्रदर्शन करने लगे।मोर्चरी में ताला जड़ दिया।

0 क्या है पूरा मामला?

30 मार्च को बेंदरकोना के सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर ने मामूली बात पर अपना आपा खो दिया और बुजुर्ग कर्मचारी बालकृष्ण का सिर दीवार पर दे मारा। दरअसल एक ग्रामीण का शव पीएम के लिए लाया गया था।सरपंच जल्दी करने दबाव बना रहा था तब काम में व्यस्त चेन्निया ने थोड़ी देर रुकने कहा इस पर भड़क सरपंच ने उसकी पिटाई कर दी और सिर दीवार पर दे मारा। गंभीर चोट और सिर में खून का थक्का जमने के कारण वे 6 दिनों तक आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ते रहे, लेकिन आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

0 अस्पताल में कामकाज ठप, मोर्चरी में लटका ताला

कर्मचारी की मौत की खबर मिलते ही साथी कर्मचारियों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित स्टाफ ने मर्चुरी और मुख्य गेट पर ताला जड़कर काम बंद कर दिया है।
* परिजनों की मांग: जब तक हत्यारे सरपंच की गिरफ्तारी नहीं होती, प्रदर्शन जारी रहेगा।
* अधिकारियों की समझाइश: अस्पताल अधीक्षक डॉ. गोपाल कंवर और सह-अधीक्षक डॉ. रविकांत जाटवर आंदोलित कर्मचारियों को शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं।

0 पुलिस छावनी बना अस्पताल

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात हैं। आरोपी सरपंच पर पहले ही धारा 307 (अब हत्या की धारा में तब्दील होने की संभावना) के तहत मामला दर्ज है।


यह घटना सरकारी अस्पताल में कर्मचारियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करती है। क्या सेवा करने वाले कर्मचारियों को दबंगों के हाथों जान गंवानी पड़ेगी?