Home छत्तीसगढ़ देखें वीडीओ…’दृश्यम’ जैसा मर्डर : पाकिस्तानी युवक को प्रेमी ने प्रेमिका के...

देखें वीडीओ…’दृश्यम’ जैसा मर्डर : पाकिस्तानी युवक को प्रेमी ने प्रेमिका के साथ मिलकर जिंदा दफनाया

00 अंधे कत्ल का खुलासा: अधमरी हालत में गड्ढे में दबा दिया था नितेश को, श्वास नली में मिट्टी फंसने से तड़प-तड़प कर निकली जान

TTN डेस्क

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर क्षेत्र में पिछले दिनों मिले अज्ञात शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह हत्या किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं थी। फिल्म ‘दृश्यम’ की तर्ज पर आरोपियों ने युवक को अधमरी हालत में जमीन के नीचे दफन कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में एक महिला और दो नाबालिगों सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

0 प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश बनी वजह

पुलिस के अनुसार, मामला त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग और मानसिक प्रताड़ना से जुड़ा है। मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी का सावित्री साहू के साथ प्रेम संबंध था। पाकिस्तानी मूल का मृतक नितेश बत्रा (29 वर्ष) अक्सर सावित्री को परेशान करता था। 16 मार्च की रात जब श्याम सुंदर सावित्री के घर पहुंचा, तो वहां नितेश को खड़ा देख उसका खून खौल उठा। दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ और यहीं से मौत का खूनी खेल शुरू हुआ।

0 तड़पता रहा युवक, ऊपर से डाल दी मिट्टी

पूछताछ में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है। आरोपियों ने पहले नितेश को बबूल की लकड़ी और लात-घूंसों से बेदम पीटा। जब वह अधमरा हो गया, तो आरोपी उसे ऑटो में डालकर भरेंगाभाठा के पास एक मुरूम खदान में ले गए। डॉक्टरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, नितेश उस वक्त जिंदा था। आरोपियों ने उसे उसी हालत में गड्ढे में दबा दिया। दम घुटने के कारण नितेश के फेफड़ों और श्वास नली में मिट्टी भर गई, जिससे उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

0 सीसीटीवी और टैटू ने खोला राज

21 मार्च को जब मुरूम गड्ढे से एक हाथ और पैर बाहर दिखाई दिया, तब पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने गुमशुदगी की फाइलों को खंगाला। माना थाने में दर्ज एक रिपोर्ट के हुलिए और मृतक के शरीर पर बने टैटू का मिलान किया गया, जिससे उसकी पहचान नितेश बत्रा के रूप में हुई। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी को धर दबोचा।

0 अपराध का पूरा घटनाक्रम: एक नजर में

* तारीख 16 मार्च: माना इलाके में नितेश और श्याम सुंदर के बीच विवाद और मारपीट।
* साजिश: प्रेमिका सावित्री ने उकसाया— “इसे मरते दम तक मारो, रोज परेशान करता है।”
* साक्ष्य मिटाना: नितेश की स्कूटी को कमल विहार के पास पुलिया के नीचे फेंक दिया ताकि मामला दुर्घटना लगे।
* गिरफ्तारी: पुलिस ने श्याम सुंदर, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो नाबालिगों को जेल भेजा।

> “आरोपियों ने युवक को अधमरी हालत में दफना दिया था। पोस्टमार्टम में श्वास नली में मिट्टी मिलना इस बात की पुष्टि करता है। मामले में एक फरार आरोपी माईकल सैनी की तलाश जारी है।”
> — रायपुर पुलिस (ग्रामीण)

0 गिरफ्तार आरोपी:


* श्याम सुंदर सोनी (21 वर्ष), प्रयागराज।
* सुमित कोसले (21 वर्ष), अभनपुर।
* सावित्री साहू (21 वर्ष), सरगुजा।
* विधि के साथ संघर्षरत 02 बालक।