Home Breaking News देखिए वीडीओ…​कोरबा: पावर हाउस रोड पर ‘सिरफिरे’ का आतंक,युवती पर झपटा

देखिए वीडीओ…​कोरबा: पावर हाउस रोड पर ‘सिरफिरे’ का आतंक,युवती पर झपटा

00 काम पर जा रही युवती पर झपटा, दौड़ कर दुकान में जा बची मुसीबत से ; पुलिस की सुस्ती बढ़ा रही खतरा

TTN डेस्क

​कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार पावर हाउस रोड और ट्रांसपोर्ट नगर चौक इन दिनों एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति के आतंक का केंद्र बन गए हैं। राह चलती महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता और उन पर हमला करने की बढ़ती घटनाओं ने शहर में दहशत का माहौल बना दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि स्थानीय पुलिस और डायल 112 को बार-बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जो किसी बड़ी अनहोनी को न्यौता दे रही है।

0 युवती को दौड़ाया, दुकान में घुसकर बचाई जान

​ताजा मामला पावर हाउस रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के पास का है। यहाँ पाम मॉल में काम करने वाली एक युवती जब अपनी ड्यूटी पर जा रही थी, तभी इस सिरफिरे ने उसे दौड़ाना शुरू कर दिया। डरी-सहमी युवती ने पास की एक खिलौने की दुकान में घुसकर अपनी जान बचाई। पीछा करते हुए वह वहां भी पहुंच गया और दुकान पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

दुकान संचालक के पिता और पेशे से अधिवक्ता मो. यासीन मेमन ने तत्काल सीएसईबी चौकी प्रभारी और डायल 112 को सूचित किया, लेकिन पुलिस की टीम समय पर नहीं पहुंची और वह युवती करीब आधे घंटे तक दुकान के अंदर ही रहने को मजबूर रही।

0 ​स्कॉर्पियो चालक और स्कूटर सवार परिवार पर भी हमला

​यह कोई इकलौती घटना नहीं है। कुछ दिन पूर्व ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर सिरफिरे ने एक चलती स्कॉर्पियो के चालक की कॉलर पकड़ ली थी, चालक ने गाड़ी आगे बढ़ाई तो वह अनियंत्रित होकर नीचे गिरा और कुचलने से बाल बाल बचा। इसके बाद उसने स्कूटर से जा रहे एक परिवार की महिला पर झपट्टा मारा, जिससे वह परिवार दुर्घटना का शिकार होते-होते बचा। राहगीरों ने किसी तरह उसे डांट-डपट कर वहां से भगाया, लेकिन वह फिर से उसी इलाके में सक्रिय हो गया है।

0 ​पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

उक्त पूरा वाक्या ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर पुलिस प्वाइंट के ठीक सामने हुआ था।​स्थानीय नागरिकों और चश्मदीदों में पुलिस की अनदेखी को लेकर भारी आक्रोश है। अधिवक्ता मो. यासीन मेमन के अनुसार, सूचना देने के बावजूद न तो चौकी से कोई टीम आई और न ही डायल 112 की टीम समय पर पहुंची। डायल 112 का फोन करीब डेढ़ घंटे बाद आया, तब तक सरफिरा वहां से जा चुका था। लोगों का कहना है कि पुलिस की यह ‘घोर लापरवाही’ किसी दिन किसी बड़ी वारदात का कारण बन सकती है।

0 ​प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग

​पावर हाउस रोड से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर तक का यह इलाका खरीदारी और व्यवसाय का मुख्य केंद्र है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि व्यक्ति को तत्काल पकड़कर उचित स्थान (मानसिक चिकित्सालय या सुधार गृह) भेजा जाए, ताकि शहर की महिलाएं और नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।