TTN डेस्क



इंदौर | मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। बंगाली चौराहे के पास पुगलिया परिवार के तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग ने 7 लोगों की जान ले ली, वहीं 3 लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
0 शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, सिलेंडरों के धमाकों से दहल उठा इलाका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार चार्ज हो रही थी, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट से उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर के अंदर तक फैल गई। मकान में रखे 15 गैस सिलेंडरों में से 4 सिलेंडर एक के बाद एक फट गए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा और मकान का एक हिस्सा ढह गया।
0 इलेक्ट्रॉनिक लॉक बने मौत का कारण
हादसे के वक्त परिवार के सदस्य और रिश्तेदार गहरी नींद में थे। घर में इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगे होने के कारण बिजली गुल होते ही दरवाजे जाम हो गए, जिससे अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 7 लोग काल के गाल में समा चुके थे।
0 मृतकों और घायलों की स्थिति
इस भीषण हादसे में विजय सेठिया (65), सुमन (60), मनोज (65), सिमरन (30), छोटू (22) और 12 वर्षीय मासूम राशि सेठिया सहित 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे सौरभ पुगलिया, आशीष और हर्षित का अस्पताल में इलाज जारी है।
0 जांच में जुटे अधिकारी
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे की वजह इलेक्ट्रिक कार की चार्जिंग के दौरान हुआ शॉर्ट सर्किट सामने आया है। घर में रखे पॉलीमर केमिकल ने आग को और भड़का दिया। प्रशासन अब इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग और सुरक्षा मानकों को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी करने पर विचार कर रहा है।


