// नितिन एन त्रिवेदी की रिपोर्ट//
ध्रांगध्रा l ll
0 विश्व महिला दिवस पर विशेष सम्मान
8 मार्च 2026, विश्व महिला दिवस के अवसर पर ध्रांगध्रा शहर ने अपनी इस लाड़ली बेटी और मार्गदर्शक को अनोखा सम्मान दिया। ध्रांगध्रा एजुकेशन सोसाइटी ने कॉलेज के एक भवन का नाम ‘कु. निवेदिता त्रिवेदी वाणिज्य भवन’ रखा है। साथ ही, नगरपालिका ने कॉलेज रोड का नामकरण ‘प्रोफेसर निवेदिता त्रिवेदी मार्ग’ के रूप में किया है।
0 उपलब्धियों से भरा सफर: NCC मेजर से लेकर नपा अध्यक्ष तक
22 नवंबर 1938 को अहमदाबाद में जन्मी नीता बहन 1964 में की श्री एस.पी. जैन कॉलेज ,ध्रांगध्रा में अर्थशास्त्र की प्रोफेसर के रूप में जुड़ीं। वे न केवल शहर की पहली महिला प्रोफेसर बनीं, बल्कि नगरपालिका की पहली महिला अध्यक्ष होने का गौरव भी उन्हें प्राप्त है।
* NCC नेतृत्व: उन्होंने छात्राओं की NCC कैडेट टीम बनाई और ‘मेजर’ की पदवी हासिल की।
* सम्मान: उन्हें मदर टेरेसा के हाथों पुरस्कार मिला और उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से भी मुलाकात की थी।
* कड़क अनुशासन: उन्हें एक सख्त पर्यवेक्षक के रूप में जाना जाता था, जिन्होंने परीक्षा में शुचिता बनाए रखने के लिए कई कड़े कदम उठाए।
0 ‘तेन त्यक्तेन भुंजीथा’ को बनाया जीवन मंत्र
आजीवन अविवाहित रहकर समाज को ही अपना परिवार मानने वाली नीता बहन ने ईशावास्योपनिषद के मंत्र ‘तेन त्यक्तेन भुंजीथा’ (त्याग पूर्वक भोग करो) को अपना जीवन मंत्र बनाया। 2000 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अपनी सारी जमा पूंजी दान कर दी।
0 गरिमामय समारोह में जुटे दिग्गज
नामाभिधान कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अतिथियों ने नीता बहन के तप और त्याग की सराहना की। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री श्री आई.के. जडेजा, विधायक प्रकाश भाई वरमोरा, नपा अध्यक्ष कुलदीप सिंह और पूर्व विधायक नौशाद भाई सोलंकी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दान की सरिता: कार्यक्रम के दौरान नवनिर्मित कॉलेज के लिए मौके पर ही लगभग 50 लाख रुपये का फंड जुटाया गया। साथ ही, मुख्य वक्ता द्वारा भी इस पुनीत कार्य में 5 लाख रुपये के दान की घोषणा की गई। कॉलेज के प्रिंसिपल श्री दवे और श्री सी.के. व्यास ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।


