Home Uncategorized ब्रेकिंग न्यूज : असम के कार्बी आंगलोंग में वायुसेना का सुखोई-30 लड़ाकू...

ब्रेकिंग न्यूज : असम के कार्बी आंगलोंग में वायुसेना का सुखोई-30 लड़ाकू विमान लापता,क्रैश होने का अंदेशा

फोटो : सुखोई विमान का फाइल फोटो

00 जोरहाट से उड़ान भरने के बाद रडार से टूटा संपर्क; स्थानीय लोगों ने सुना जोरदार धमाका

TTN डेस्क

गुवाहाटी/कार्बी आंगलोंग: असम के कार्बी
आंगलोंग जिले में गुरुवार शाम भारतीय वायुसेना का एक ‘सुखोई-30’ (Su-30 MKI) लड़ाकू विमान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। 4.5 जनरेशन का यह अत्याधुनिक विमान नियमित मिशन पर था, जिसका शाम करीब 7:42 बजे ग्राउंड कंट्रोल और रडार से अचानक संपर्क टूट गया।

खोज अभियान तेज: वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार, विमान ने जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी। संपर्क टूटने के तुरंत बाद वायुसेना ने ‘सर्च एंड रेस्क्यू’ ऑपरेशन शुरू कर दिया है। लापता विमान और उसमें सवार दो पायलटों की तलाश के लिए वायुसेना की विशेष टीमों को कार्बी आंगलोंग के पहाड़ी और जंगली इलाकों में रवाना किया गया है।

धमाके की खबर: स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्बी आंगलोंग के बोकाजान उप-मंडल के तहत चोकीहोला इलाके में ग्रामीणों ने एक तेज धमाके की आवाज सुनी है। आशंका जताई जा रही है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त (क्रैश) हो गया है। हालांकि, वायुसेना ने अभी तक आधिकारिक रूप से क्रैश की पुष्टि नहीं की है। घने जंगल और दुर्गम इलाका होने के कारण सर्च ऑपरेशन में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

“विमान के लापता होने की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। हमारी टीमें मौके पर पहुंच रही हैं और पायलटों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।” — भारतीय वायुसेना अधिकारी