कोरबा : AAP ने पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर का समर्थन किया: कोरबा कलेक्टर की कार्यशैली पर न्यायिक जांच की मांग

TTN डेस्क

कोरबा, छत्तीसगढ़: आम आदमी पार्टी (AAP) ने कोरबा में चल रहे राजनीतिक विवाद में पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर का खुला समर्थन किया है। ‘आप’ के प्रदेश संगठन महासचिव उत्तम जायसवाल ने सोमवार को कंवर से मुलाकात की और घोषणा की कि पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।

0 DMएफ फंड में ‘सुनियोजित बंदरबांट’ का आरोप

जायसवाल ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि कोरबा जिले में जिला खनिज निधि (DMF) फंड का दुरुपयोग ‘सुनियोजित तरीके’ से किया जा रहा है, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कंवर जैसे ईमानदार नेता का इस भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ खड़ा होना उनकी ईमानदारी की मिसाल है। जायसवाल ने ज़ोर दिया कि कंवर ने अपने मंत्री कार्यकाल में भी ईमानदारी का रास्ता चुना और कभी भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं हुए।

0पीएससी घोटाला: कंवर के ऐतिहासिक योगदान की प्रशंसा

‘आप’ नेता ने ननकी राम कंवर को कांग्रेस शासनकाल के पीएससी घोटाले को उजागर करने का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि कंवर के प्रयासों के कारण ही आज इस घोटाले की जांच चल रही है, और यह कदम छत्तीसगढ़ की युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा है।

0 कलेक्टर को ‘संरक्षण’ देने पर साय सरकार पर निशाना

उत्तम जायसवाल ने भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कलेक्टर पर लगे गंभीर आरोपों की जांच कराने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है। जायसवाल ने मांग की कि जब एक पूर्व गृह मंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ उठा रहे हैं, तो सरकार को तुरंत न्यायिक जांच करानी चाहिए, न कि उन्हें ‘हाउस अरेस्ट’ जैसी स्थिति में रखना चाहिए। उन्होंने इसे एक ‘बेहद गंभीर मामला’ बताया।

0 आगे की रणनीति पर जल्द होगा फैसला

जायसवाल ने यह भी बताया कि आम आदमी पार्टी को कोरबा कलेक्टर की कार्यशैली से जुड़े गंभीर दस्तावेज प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश नेतृत्व से चर्चा करने के बाद इस मामले में अपनी आगे की रणनीति तय करेगी।