मध्यप्रदेश : गरबा प्रैक्टिस कर रही महिला का सरेआम अपहरण फिर क्या हुआ जानिए..?

TTN डेस्क


मन्दसौर, 22 सितंबर, 2025: मध्यप्रदेश के मंदसौर में गरबा का अभ्यास कर रही एक महिला को उसके ही परिवार के लोगों ने जबरदस्ती अगवा कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर महिला को सुरक्षित बचा लिया है।

0 क्या है पूरा मामला?

पुलिस थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि जिले के गरोठ थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला पिछले तीन महीने से अपने पति को छोड़कर यश नाम के युवक के साथ मंदसौर में लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही थी।
शनिवार रात करीब 10 बजे, जब महिला खानपुरा स्थित एक धर्मशाला में गरबा का अभ्यास कर रही थी, तभी उसके परिवार के 4 युवक और दो महिलाएं वहां पहुंचे। उन्होंने महिला को जबरन पकड़ा और घसीटते हुए अपने साथ ले जाने लगे। इस दौरान, वहां मौजूद लोगों में से एक युवती ने महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे धक्का दिया और उसके साथ मारपीट भी की।

0 सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी करवा दी। शामगढ़ थाना क्षेत्र के चन्दवासा चौकी पर पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली। गाड़ी में आरोपियों के साथ पीड़ित महिला भी मौजूद थी।पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। आरोपियों के पास से एक पिस्तौल भी जब्त की गई है।

0 महिला ने बताई अपनी पीड़ा

पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति की शराब पीने और मारपीट करने की आदतों से तंग आ चुकी थी। यही वजह थी कि वह पति को छोड़कर यश के साथ रहना चाहती थी, जिसके लिए उसके परिजन तैयार नहीं थे।