Home Breaking News देखें वीडीओ…कोरबा : तेज तूफान का कहर, निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने...

देखें वीडीओ…कोरबा : तेज तूफान का कहर, निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से सो रहा परिवार मलबे में दबा

​00 प्रेम नगर कपाटमुडा मार्ग की घटना; पति-पत्नी और बच्चा गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

TTN डेस्क

​कोरबा/कुसमुंडा | कुसमुंडा के अंतर्गत आने वाले प्रेम नगर कपाटमुडा मार्ग पर रविवार की रात प्रकृति का कहर और निर्माण कार्य की लापरवाही का मिला-जुला खौफनाक मंजर देखने को मिला। क्षेत्र में रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच आए तेज तूफान और बारिश के कारण एक निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार भरभरा कर पड़ोसी के घर पर जा गिरी। इस हादसे में घर के भीतर सो रहे एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

​0 नींद में था परिवार, अचानक गिरा मौत बनकर मलबा

​मिली जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर निवासी संतोष वर्मा द्वारा अपने मकान का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार रात जब क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, तभी मकान की तीसरी मंजिल पर बनी नई दीवार अचानक ढह गई। दीवार का भारी-भरकम मलबा बगल में स्थित अजय धनवार के घर के छप्पर को फाड़ते हुए सीधे अंदर जा गिरा। उस वक्त अजय धनवार, उनकी पत्नी और बच्चा गहरी नींद में थे।

​0 चीख-पुकार के बीच युवाओं ने बचाई जान

​घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मलबे के नीचे दबे परिवार की आवाज सुनकर पड़ोसी और स्थानीय युवा तुरंत मदद के लिए दौड़े। मलबे के भारी ढेर को हटाकर स्थानीय युवाओं की सक्रियता से तीनों को बाहर निकाला गया। घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें तत्काल कोरबा के अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

​0 भारी आर्थिक नुकसान, घर का सामान चकनाचूर


​दीवार गिरने से न केवल जान का जोखिम बना, बल्कि अजय धनवार के घर में रखा सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। मलबे की चपेट में आने से घर के अंदर खड़ी दुपहिया गाड़ी, घरेलू उपकरण और अन्य कीमती सामान टूटकर कबाड़ में तब्दील हो गए हैं। पूरे घर में ईंटों और सीमेंट का मलबा पसरा हुआ है।