00 पूर्व पार्षद महेश अग्रवाल और दिनेश सोनी की पहल पर सांसद ने खनिज न्यास मद से स्वीकृति हेतु लिखा पत्र
TTN डेस्क
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के व्यस्ततम डी.डी.एम. स्कूल मार्ग की बदहाली को दूर करने के लिए पूर्व पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व पार्षद महेश अग्रवाल एवं पूर्व एमआईसी सदस्य दिनेश सोनी की मांग पर कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना चरणदास महंत ने गंभीरता दिखाते हुए जिला कलेक्टर को पत्र लिखा है। सांसद ने इस मार्ग के निर्माण हेतु खनिज न्यास मद (डीएमएफ) से राशि आवंटित कर उच्च प्राथमिकता के आधार पर कार्य स्वीकृत करने का निवेदन किया हैं।
0 15 वर्षों से मरम्मत का इंतजार, जर्जर सड़क से बढ़ी दुर्घटनाएं
जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने वाले पूर्व पार्षद द्वय महेश अग्रवाल और दिनेश सोनी ने सांसद सहित कलेक्टर कुणाल दुदावत और निगम आयुक्त को सौंपे गए पत्र में बताया कि डी.डी.एम. रोड की स्थिति वर्तमान में अत्यंत जीर्ण-शीर्ण हो चुकी है। सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे राहगीर और स्थानीय निवासी डरे हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि शहर का इतना व्यस्त और वैकल्पिक मार्ग होने के बावजूद नगर निगम इस ओर ध्यान क्यों नहीं दे रहा है? इस सड़क के निर्माण को 15 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक इसके मरम्मत या संधारण का कार्य नहीं किया गया है।
0 व्यावसायिक और शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है मार्ग
उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर कई प्रमुख प्रतिष्ठान और कॉलोनियां स्थित हैं। डी.डी.एम. स्कूल, एस.एस. ग्रीन कालोनी, साईं कुंज, श्री राम दरबार, कृष्णा हाईट कालोनी, कांग्रेस कार्यालय और जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स जैसे महत्वपूर्ण केंद्र इसी मार्ग पर हैं। इसके साथ ही तुलसीनगर जैसी श्रमिक बाहुल्य बस्ती के लोग भी आवागमन के लिए इसी रास्ते पर निर्भर हैं।
0 सांसद के त्वरित संज्ञान से जगी निर्माण की उम्मीद
पूर्व पार्षदों के मांग पत्र पर सांसद द्वारा तुरंत संज्ञान लेते हुए कलेक्टर को कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जाने के बाद अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि सड़क निर्माण जल्द शुरू


होगा । उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशासन जल्द ही तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर सड़क निर्माण शुरू कराएगा, जिससे शहर की जनता को इस कष्टप्रद आवागमन से शीघ्र निजात मिल सकेगी।


