00 अग्रसेन भवन से निकली थी बारात, जय स्तंभ चौक पर बाइक निकालने को लेकर हुआ विवाद; पुलिस ने दर्ज की FIR
TTN डेस्क
कोरबा /कटघोरा। नगर के हृदय स्थल जय स्तंभ चौक पर मंगलवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बारात में शामिल बारातियों ने मामूली विवाद पर गुंडागर्दी शुरू कर दी। गाड़ी निकालने की बात को लेकर हुए विवाद में बारातियों ने तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर पर टांके लगाने पड़े।
0 विवाद की जड़: जाम और बाइक निकालना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारात अग्रसेन भवन से निकली थी। रात लगभग 10:30 बजे जब बारात जय स्तंभ चौक स्थित नरेंद्र ज्वेलर्स के सामने पहुंची, तो वहां जाम की स्थिति निर्मित हो गई थी। इसी दौरान दो युवक, दाऊद अली और दानिश अली, अपनी बाइक निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी बात को लेकर बारातियों और युवकों के बीच बहस शुरू हो गई।
0 ईंट-पत्थरों से किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बहस इतनी बढ़ गई कि बारातियों ने अपना आपा खो दिया। हमलावरों ने दोनों भाइयों (दाऊद और दानिश) पर हाथ-मुक्कों के साथ-साथ सड़क किनारे पड़े ईंट और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों भाइयों के सिर फट गए और अत्यधिक खून बहने लगा। अस्पताल में डॉक्टरों को उनके सिर पर 8 टांके लगाने पड़े।
0 राहगीर ट्रक चालक को भी नहीं बख्शा
बारातियों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रक चालक, पिंटू गुप्ता (निवासी चिरी, मध्य प्रदेश), के साथ भी बारातियों ने मारपीट की। इस हमले में ट्रक चालक का भी माथा फट गया है। घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक चीख-पुकार और दहशत का माहौल बना रहा।
0 पुलिस ने दर्ज किया मामला,जांच की शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अमित मित्तल, नितेश मित्तल एवं अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर आगे की तफ्तीश कर रही है।

