Home कोरबा कोरबा: कल होगा ‘कोरबा रायफल शूटिंग एकेडमी’ का भव्य शुभारंभ

कोरबा: कल होगा ‘कोरबा रायफल शूटिंग एकेडमी’ का भव्य शुभारंभ


00 कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत करेंगे उद्घाटन; खिलाड़ियों को अब नहीं जाना पड़ेगा रायपुर-दुर्ग

TTN डेस्क

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा के खेल जगत में शनिवार को एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। नगर पालिक निगम कोरबा की अभिनव पहल से इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में नवनिर्मित ‘कोरबा रायफल शूटिंग एकेडमी’ का भव्य शुभारंभ कल शनिवार, शाम 5:30 बजे होने जा रहा है। इस आधुनिक शूटिंग रेंज का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के हाथों संपन्न होगा।

0 बेकार पड़े कक्ष को बनाया वर्ल्ड क्लास रेंज

निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय और सभापति नूतनसिंह ठाकुर की विशेष रुचि और सोच का ही परिणाम है कि स्विमिंग पूल परिसर में वर्षों से बेकार पड़े एक बड़े कमरे को अत्याधुनिक 10 मीटर एयर रायफल और 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग रेंज में तब्दील कर दिया गया है। कोरबा में निशानेबाजी की प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन ट्रेनिंग के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर और महंगे उपकरणों के अभाव में यहाँ के खिलाड़ियों को रायपुर या दुर्ग का रुख करना पड़ता था। अब घर के पास ही उन्हें अच्छी सुविधा उपलब्ध होगी।

0 प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच

निशानेबाजी के खेल में भारतीय खिलाड़ियों ने ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप में हमेशा देश का मान बढ़ाया है। कोरबा के खिलाड़ियों में भी वही हुनर है। इस एकेडमी के शुरू होने से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और ट्रेनिंग मिलेगी, बल्कि वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोरबा व छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकेंगे।

0 गरिमामय उपस्थिति में होगा आयोजन

शुभारंभ समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सभापति नूतनसिंह ठाकुर, पार्षद नरेंद्र देवांगन, पार्षद श्रीमती मथुरा बाई चंदा, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान, जिला रायफल संघ के अध्यक्ष महेश अग्रवाल सहित खेल संघों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और जिले के उभरते खिलाड़ी बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।