Home Uncategorized देखिए वीडीओ…छत्तीसगढ़ : कांग्रेस नेता के घर घुसकर नकाबपोशों ने की ताबड़तोड़...

देखिए वीडीओ…छत्तीसगढ़ : कांग्रेस नेता के घर घुसकर नकाबपोशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग ,एक बेटे की मौत,दूसरा घायल

​00 करही गांव में आधी रात खूनी खेल: लूट की नीयत से आए थे बदमाश या कोई और वजह , विरोध करने पर बड़े बेटे को उतारा मौत के घाट, छोटा भाई घायल

TTN डेस्क

​बिर्रा/जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना अंतर्गत ग्राम करही में बीती रात नकाबपोश बदमाशों ने खूनी खेल खेलकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष और व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसे तीन अज्ञात हमलावरों ने परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा आशुतोष कश्यप गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है।

​0 कमरे में बंद किया परिवार, फिर बरसाईं गोलियां

​मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार / शुक्रवार को दरमियानी रात नकाबपोश बदमाश घर में दाखिल हुए थे। बदमाशों ने सबसे पहले घर के अन्य सदस्यों को कमरों में बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई शोर न मचा सके और मदद न मांग सके। इसी दौरान जब बेटों ने बदमाशों का विरोध किया, तो उन्होंने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

​बदमाशों ने बड़े बेटे आयुष कश्यप पर निशाना साधते हुए दो गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, छोटे बेटे आशुतोष कश्यप के दाहिने हाथ में एक गोली लगी है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

​0 अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी

​घायल आशुतोष को तत्काल बिर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम रात में ही मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

​0 विधायक ब्यास कश्यप पहुंचे अस्पताल

​घटना की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल आशुतोष और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। विधायक ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

​0 रेत कारोबार से जुड़ा हो सकता है मामला?

चर्चा है कि यह हमला केवल लूटपाट नहीं बल्कि पुरानी रंजिश या रेत कारोबार से जुड़ा विवाद भी हो सकता है। पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है। समाचार लिखे जाने तक आरोपियों का सुराग नहीं मिल पाया है।