

TTN डेस्क
नई दिल्ली: अफगानिस्तान से एक 13 साल का बच्चा प्लेन के लैंडिंग गियर में छिपकर भारत आने में कामयाब रहा, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को भी हैरत में डाल दिया है। यह घटना रविवार, 21 सितंबर की है। अफगानिस्तान के कुंदुज शहर का रहने वाला यह लड़का काबुल के हामिद करजई एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली KAM एयरलाइन की फ्लाइट RQ-4401 के लैंडिंग गियर कंपार्टमेंट में घुस गया था।
यह फ्लाइट सुबह 8:46 बजे (भारतीय समयानुसार) रवाना हुई और 10:20 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर उतरी। फ्लाइट के पास घूमते हुए बच्चे को देखकर एयरलाइन कर्मचारियों ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद CISF ने बच्चे को हिरासत में लिया और पुलिस को सौंप दिया। बच्चे ने बताया कि उसने जिज्ञासा के कारण ऐसा किया था।
0 बेहद खतरनाक होता है ऐसा सफर
सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, विमान के पहिये के पास छिपकर यात्रा करना बेहद खतरनाक होता है। 30 हजार फीट की ऊँचाई पर तापमान माइनस 40 से माइनस 60 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है और ऑक्सीजन भी बेहद कम हो जाती है, जिससे कुछ ही मिनटों में बेहोशी या मौत हो सकती है। हालांकि, इस तरह के प्रयासों में जीवित रहने की दर दुनिया भर में केवल 20% ही है।

