TTN डेस्क
कोरबा, 10 सितंबर 2026।श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा में श्री भादी अमावस्या उत्सव की पूर्व संध्या पर आज यानी गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को भक्ति, संस्कृति और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन एवं कृष्णा ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में मंदिर परिसर में एक विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस साहित्यिक संध्या में देश के विभिन्न राज्यों से आए ख्यातिप्राप्त कवि और कवयित्री अपनी रचनाओं से हास्य, व्यंग्य, वीर एवं श्रृंगार रस के रंग बिखेरेंगे।
इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, पूर्व राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल और नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इनके साथ ही विशिष्ट अतिथियों के रूप में कोहड़िया क्षेत्र के पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन, अग्रवाल सभा कोरबा के पूर्व अध्यक्ष श्रीकांत बुधिया, श्री राजेन्द्र अग्रवाल एवं वर्तमान अध्यक्ष श्री बजरंग अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी मौजूद रहेंगे।
0 परंपरागत जागरण को मिला साहित्यिक स्वरूप
श्री सप्तदेव मंदिर में भादी अमावस्या की पूर्व संध्या पर प्रतिवर्ष पारंपरिक जागरण का आयोजन होता रहा है। इस वर्ष इस परंपरा को एक नया और विशेष स्वरूप देते हुए जागरण के स्थान पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित करने का अभिनव निर्णय लिया गया है, जिससे धर्म और अध्यात्म के साथ राष्ट्रभावना व मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
0 देशभर के ये नामचीन कवि बांधेंगे समां
कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न अंचलों से आ रहे सुप्रसिद्ध रचनाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
सुश्री सोनल जैन (राष्ट्रीय संयोजिका, सूरत)
श्री विमल सोनी (सूरत, गुजरात)
इंजीनियर श्री विनोद नयन (जबलपुर, मध्यप्रदेश)
श्री बृजकिशोर पटेल (इटारसी)
श्री जय कुमार ‘जय’ (भरतपुर, राजस्थान)
डॉ. अंजना सिंह (कोरबा की प्रसिद्ध कवयित्री)
इन कवियों की प्रस्तुतियां श्रोताओं को कभी गुदगुदाएंगी, कभी भावुक करेंगी तो कभी राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर देंगी।
0 सायं 7 बजे से धार्मिक अनुष्ठान और रात्रि 8 बजे से काव्य पाठ

मंदिर परिसर में आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सायं 7 बजे से मां श्री राणी सती दादी का मेहंदी उत्सव, पगधोई एवं ज्वारा उत्सव श्रद्धा के साथ शुरू होगा। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का शुभारंभ होगा।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन एवं कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन श्री अशोक मोदी व श्री सप्तदेव मंदिर परिवार ने सभी नगरवासियों, श्रद्धालुओं और साहित्यप्रेमियों से सपरिवार उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है।


