




TTN डेस्क
कोरबा।डायबिटीज (मधुमेह) से पीड़ित मरीजों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। भारत में अब दुनिया की पहली ऐसी बेसल इंसुलिन लॉन्च हो गई है, जिसे सप्ताह में केवल एक बार (Once-Weekly) ही लगाना होगा। डेनमार्क की जानी-मानी फार्मा कंपनी ‘नोवो नॉर्डिस्क’ (Novo Nordisk) ने इस क्रांतिकारी इंसुलिन को ‘Awiqli’ (इंसुलिन आइकोडेक) नाम से बाजार में उतारा है। इस नई दवा के आने से मरीजों को अब हर दिन सुई चुभाने के दर्द और झंझट से हमेशा के लिए आजादी मिल जाएगी।
इस संबंध में स्थानीय नया बस स्टैंड, टीपी नगर स्थित एमजेएम हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं विशेषज्ञ डॉ प्रिंस जैन ने एक चर्चा में बताया किअब तक डायबिटीज मरीजों को ब्लड शुगर कंट्रोल रखने के लिए साल में 365 दिन (रोजाना) इंसुलिन का इंजेक्शन लेना पड़ता था। लेकिन ‘Awiqli’ के इस्तेमाल से इंजेक्शन के डोज की यह संख्या घटकर साल में सिर्फ 52 रह जाएगी। यह दवा 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के टाइप-1 और टाइप-2 दोनों ही प्रकार के डायबिटीज मरीजों के लिए स्वीकृत की गई है।
0 जेब पर भारी नहीं पड़ेगा खर्च, बेहद किफायती
निर्माता कंपनी के एक अधिकारी के मुताबिक इस आधुनिक इंसुलिन को भारतीय बाजार में काफी किफायती दरों पर पेश किया गया है, ताकि आम मरीज भी इसका लाभ उठा सकें। यह बाजार में दो वेरिएंट्स में उपलब्ध है:
1 ml पेन (700 यूनिट): कीमत ₹2,611
3 ml पेन (2,100 यूनिट): कीमत ₹7,833
0 सप्ताहिक खर्च सिर्फ ₹261
अगर किसी मरीज को डॉक्टर द्वारा औसतन 70 यूनिट का साप्ताहिक डोज दिया जाता है, तो इस हिसाब से एक हफ्ते का खर्च मात्र ₹261 आएगा। यह मौजूदा समय में मिलने वाली रोजाना की इंसुलिन के मुकाबले काफी किफायती और बजट के अनुकूल है।
0 इस्तेमाल करना भी बेहद आसान
इस इंसुलिन को लगाने के लिए मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। यह एक विशेष ‘FlexTouch’ पेन डिवाइस के रूप में आती है। मरीज को हफ्ते में कोई भी एक दिन और समय तय करना होगा और सप्ताह में सिर्फ उसी दिन इस पेन के जरिए आसानी से डोज लिया जा सकेगा।भारत में यह इंसुलिन शीघ्र ही राष्ट्रव्यापी तौर पर उपलब्ध हो जाएगा।


