00उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने की बालको की विकास पहलों की सराहना
TTN डेस्क
बालकोनगर। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने वार्ड क्रमांक 33 राताखार में नए सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। इस भवन के निर्माण से राताखार एवं आसपास के क्षेत्रों के 17 हजार से अधिक लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक सुलभ व आधुनिक स्थान उपलब्ध होगा।
भूमिपूजन समारोह छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत,जिला भाजपाध्यक्ष गोपाल मोदी, एमआई सी मेंबर नरेंद्र देवांगन,


बालको के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स एवं एडमिनिस्ट्रेशन कैप्टन धनंजय मिश्रा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बालको अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
0 क्षेत्र के विकास में बालको का योगदान सराहनीय: उद्योग मंत्री
मुख्य अतिथि मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने प्रस्तावित भवन के नक्शे का अवलोकन किया और कहा, “बालको औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक विकास और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। राताखार में इस सामुदायिक भवन का निर्माण स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा। यह पहल सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने और क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
0 साझा भविष्य में निवेश है सामुदायिक विकास: सीईओ राजेश सिंह
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं पूर्णकालिक निदेशक श्री राजेश सिंह ने अपने संदेश में कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके समुदाय की मजबूती में निहित होती है। बालको सामुदायिक विकास को केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि साझा भविष्य में निवेश के रूप में देखता है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में कंपनी ने 45 समुदायों में 100 से अधिक सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण किया है।
0 आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया भवन
राताखार में बनने वाले इस प्रस्तावित सामुदायिक भवन में निवासियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भवन परिसर में पृथक शौचालय, सुसज्जित रसोईघर, स्टोर रूम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक ओपन जिम का भी निर्माण किया जाएगा। यह भवन स्थानीय निवासियों को उत्सवों, बैठकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक समर्पित व जीवंत केंद्र प्रदान करेगा।


